Jamshedpur. बागबेड़ा के नया बस्ती स्थित निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से करीब 60 से 70 घर प्रभावित हो गए हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में पानी अन्य घरों में भी प्रवेश कर सकता है। बागबेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बाढ़ के पानी को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार एवं अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार ने बागबेड़ा बड़ौदा घाट और बागबेड़ा नया बस्ती के निचले इलाकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, जलभराव और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली। मौके पर भाजपा नेता सुबोध झा भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने तथा संवेदनशील इलाकों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। प्रशासन की टीम ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।



