- कदमा के कारोबारी की एनएच-33 पर टेंथ माइल स्टोन होटन में रेकी कर अपराधियों ने सिर में मारीं 4 गोलियां
- निखार सबलोक हत्याकांड, गोलियों की तड़तड़ाहट, कारोबारी रंजिश और खाकी की खामोशी
जमशेदपुर. औद्योगिक शहर जमशेदपुर एक बार फिर गोलियों की गूंज से थर्रा उठा है. कदमा के विजया हेरिटेज निवासी 32 वर्षीय कारोबारी निखार सबलोक की टाटा-चांडिल उच्च पथ पर स्थित ‘टेंथ माइल स्टोन’ होटल परिसर में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. जिस तरह बेखौफ अपराधियों ने रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया, उसने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कारोबारी साम्राज्य और विदेश में जड़ें
निखार सबलोक सिर्फ स्थानीय होटल व्यवसायी नहीं थे, बल्कि उनका कारोबारी जाल विदेशों तक फैला हुआ था. वे बिष्टुपुर स्थित प्रतिष्ठित क्रिस्टल होटल के मालिक थे और चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में भी उनकी हिस्सेदारी थी. इसके अतिरिक्त, निखार का नाम विदेश (थाईलैंड/दुबई) में भी होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के संचालन से जुड़ा बताया जाता है. हाल के दिनों में जमशेदपुर के रियल एस्टेट, बड़े जमीन सौदों और संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में भी उनकी सक्रियता तेजी से बढ़ी थी.

अपराधिक एंगल और गैंगवार का कनेक्शन
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और खुफिया जानकारी संकेत देती है कि इस हत्या के पीछे महज कोई तात्कालिक विवाद नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये के जमीन विवाद और अंडरवर्ल्ड का वर्चस्व है.
- जमीन विवाद और पैंतरेबाजी: सोनारी आदर्शनगर के पास स्थित एक कीमती जमीन पर बाउंड्री कराने को लेकर निखार का हाल के दिनों में विवाद गहराया था.
- गैंगस्टर कनेक्शन: चर्चा है कि निखार का संपर्क शहर के चर्चित अपराधी गणेश सिंह से था और वे उसके साथ मिलकर कई जमीनों का कारोबार संभाल रहे थे. वहीं, दूसरी तरफ कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह गुट से गणेश सिंह की पुरानी रंजिश जगजाहिर है.
- टारगेट किलिंग: अखिलेश सिंह और गणेश सिंह गुट के बीच चल रहे इस खूनी टकराव में निखार सबलोक के सिंडिकेट से जुड़े होने के कारण उनके भी विरोधी गुट के निशाने (सॉफ्ट टारगेट) पर आने की आशंका जताई जा रही है.
दिनदहाड़े रेकी और ताबड़तोड़ फायरिंग
सोमवार दोपहर लगभग 3:30 बजे निखार अपने साथियों के साथ एनएच-33 स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल पहुंचे थे. घात लगाए अपराधियों को उनके हर पल की खबर थी. वे पिछले कुछ दिनों से निखार की रेकी कर रहे थे.

जैसे ही निखार होटल से निकलकर अपनी कार की ओर बढ़े, चार अपराधियों ने पॉइंट ब्लैंक रेंज से उनके सिर में चार गोलियां मार दीं और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए.
पुलिस की सुस्त भूमिका और शहर में खौफ
घटना के बाद पुलिस भले ही एनएच-33 पर नाकेबंदी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही हो, लेकिन इस वारदात ने पुलिस की खुफिया विफलता को उजागर कर दिया है.
अपराधी कई दिनों से बेखौफ होकर रेकी कर रहे थे और शहर के सबसे व्यस्त एनएच पर वारदात को अंजाम देकर निकल गए, जबकि पुलिस को भनक तक नहीं लगी. शहर में पिछले कुछ महीनों में हुई सिलसिलेवार आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस का सुस्त रवैया अपराधियों के बुलंद हौसलों की गवाही दे रहा है.
कारोबारी जगत में इस हत्याकांड से भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है. अब देखने वाली बात होगी कि क्या पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंच पाती है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा.





