जमशेदपुर. सहारा गार्डन सोसाइटी में सावन उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ. इस अवसर पर सोसाइटी की विभिन्न विंग्स और ग्रुप्स की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियों में अपनी अग्रणी भूमिका का परिचय दिया.
सोसाइटी की गतिविधियों में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए सहारा गार्डन सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष शशांक गांगुली ने महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके योगदान की सराहना की.
महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण
शशांक गांगुली ने कहा कि सहारा गार्डन सोसाइटी की महिलाएं महिला सशक्तिकरण की एक अद्भुत मिसाल हैं. उन्होंने कहा, “सहारा की महिलाएं हमारी सोसाइटी का गर्व हैं और वे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं. हमारी माताएं, बहनें और बेटियां परिवार और समाज का असली गहना हैं.”
उन्होंने आगे कहा कि सोसाइटी में आयोजित होने वाले माता रानी की पूजा के हर कार्यक्रम को सुंदर, पारिवारिक और संगीतमय बनाने का पूरा श्रेय इन्हीं महिलाओं को जाता है. पूजा की वेदी सजाने से लेकर प्रसाद वितरण, नवरात्रि में कन्या पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, डांडिया, नृत्य कला और एंकरिंग हर जिम्मेदारी को ये महिलाएं पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ संभालती आई हैं. इनके बिना कोई भी आयोजन अधूरा है.
आगामी पूजा आयोजनों के लिए समिति गठन की अपील
सोसाइटी में आगामी त्योहारों और तीनों पूजा आयोजनों को सुचारू और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए पूर्व अध्यक्ष शशांक गांगुली ने सभी सदस्यों से एक महत्वपूर्ण अपील की. उन्होंने कहा कि सभी निवासी आगामी बैठक (मीटिंग) में शामिल होकर पूजा समिति का गठन करें, ताकि एक बेहतर और सौहार्दपूर्ण माहौल में आगामी धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों को संपन्न कराया जा सके.
शशांक गांगुली ने जारी बयान में सहारा गार्डन सोसाइटी की सभी महिलाओं का अभिनंदन करते हुए उनके निरंतर सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया.


