Saraikela. सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 स्थित धर्मशाला मोड़ के समीप शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान तापस सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खेलने के दौरान बच्चे के गले में प्लास्टिक की रस्सी लिपट गई, जिससे दम घुटने की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, गोलू शनिवार दोपहर घर के बाहर खेलने गया था। कुछ देर तक जब उसकी आवाज सुनाई नहीं दी तो घर में मौजूद उसकी दादी उसे देखने के लिए बाहर निकलीं। वहां गोलू बेसुध अवस्था में मिला।
उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी लिपटी हुई थी। परिजन आनन-फानन में बच्चे को सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गले पर रस्सी के दबाव के कारण दम घुटना मौत की वजह मानी जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
परिवार का दुलारा, दो भाइयों में सबसे छोटा था गोलू
गोलू दो भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का दुलारा बताया जाता है। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी देखभाल दादी करती थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना की खबर से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। बताया गया कि बच्चे के पिता तापस सिंह मोदक दो दिन पहले ही दिल्ली गए हैं।
घटना की जानकारी उन्हें भी दे दी गई है। इस दर्दनाक घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवारों को भी चिंतित कर दिया है। घर और आसपास खेलते समय बच्चों के संपर्क में आने वाली सामान्य वस्तुओं को लेकर भी अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत सामने आई है।


