जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल चौक के समीप एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जब पूरा परिवार नदी घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने गया था, तभी अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बबलू कुमार जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और जेल चौक के पास स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते हैं। रविवार की शाम वे अपने पूरे परिवार के साथ छठ पूजा का संध्या अर्घ्य अर्पित करने के लिए नदी घाट पर गए हुए थे। घर को सुनसान पाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया।
जब परिवार के लोग घाट से पूजा संपन्न कर वापस अपने क्वार्टर लौटे, तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर जाने पर पाया कि कमरों का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। सामानों की जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सभी सोने के गहने और एक मोबाइल फोन गायब हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरी गए आभूषणों और मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।
त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना से परिवार सदमे में है, वहीं आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।


