Jamshedpur. मानगो थाना क्षेत्र में एसआईआर कर्मी बनकर एक महिला को बंधक बनाकर मारपीट करने और सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया गया है. मामले की जानकारी देते हुए सीटी एसपी ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर 15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर ई/5 में अपराधियों ने खुद को एसआईआर कर्मी बताकर प्रवेश किया था.
फ्लैट में रहने वाली महिला लिलावती अम्मा को आरोपियों ने बताया कि वे उनके परिवार का एसआईआर करने आए हैं. महिला उनकी बातों में आ गईं. इसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और उनके पहने हुए सोने के आभूषण लूट लिए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापामारी टीम गठित की. टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है. इनमें बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर उर्फ राकू, बारीडीह बस्ती निवासी अभिषेक कुमार दास, जुगसलाई निवासी तबस्सुम खातून और मानगो निवासी समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल शामिल हैं. सीटी एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषणों को गलाने के बाद तैयार किया गया चपटा गोलाकार रूप का करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया गया है.


