सरायकेला. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बस स्टैंड के समीप एक आभूषण कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. इस वारदात में कूरियर डिलीवरी की आड़ में रेकी करने वाले मुख्य स्थानीय आरोपी और लूटे गए जेवरों के खरीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर धनबाद जिले से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और अन्य सामग्री बरामद की है.
जेल के संपर्कों से जुड़ा तार
चांडिल थाना कांड संख्या 137/2026 के तहत दर्ज इस मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि डिलीवरी कंपनी में कूरियर पहुंचाने का काम करने वाला स्थानीय युवक राहुल कुमार महतो इस पूरी घटना की अहम कड़ी है.
पूछताछ में राहुल ने खुलासा किया कि वर्ष 2022-23 के दौरान जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी. इसी संपर्क के आधार पर उसने आभूषण कारोबारी के घर की पहचान की और डकैती को अंजाम देने के लिए अपराधियों को बुलाया था.
कूरियर बॉय निकला मास्टरमाइंड: घर-घर कूरियर पहुंचाने वाले राहुल महतो ने ही जेल में बने संपर्कों के जरिए की थी घर की रेकी.
बरामदगी: धनबाद के बरोरा से 5 किलो से अधिक गलायी हुई चांदी, 80 ग्राम सोना और 32 ब्रिटिशकालीन सिक्के बरामद.
गिरफ्तार आरोपी: स्थानीय युवक राहुल कुमार महतो और जेवर खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार गिरफ्तार.
अन्य आरोपियों की संलिप्तता
पुलिस के अनुसार, इस मामले में संदिग्ध भूमिका निभाने वाले मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सद्दाम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील को पहले ही हजारीबाग जिले के चौपारण थाना कांड संख्या 252/2026 में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. चांडिल पुलिस इन सभी आरोपियों के परस्पर संबंधों और उनकी भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.
धनबाद से भारी मात्रा में बरामदगी
गिरफ्तार किए गए कथित जेवर खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (निवासी- हरिना, बरोरा, धनबाद) की निशानदेही पर पुलिस ने बरोरा थाना क्षेत्र से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- गलायी हुई चांदी: 5,142 ग्राम
- गलाया हुआ सोना: 80 ग्राम
- ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के: 32 पीस
- स्वस्तिक चिह्न वाले चांदी के आभूषण: 2 पीस
- ब्रेसलेट से निकाले गए छोटे हीरे जैसे पत्थर: 11 पीस
- अन्य सामग्री: 2 मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल
बरामद किए गए इन सभी सामानों और आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस अब लूटे गए शेष सामानों की बरामदगी और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.


