पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार और आसपास के इलाकों में खूब सुर्खियां बटोर रही है। शादी की रस्मों के बीच दूल्हे ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत की बारात पूरे शाही ठाठ-बाट और परंपरागत उत्साह के साथ निकली। बिहटा के कृष्णानगर से रवाना हुई इस बारात में आधुनिक शान-शौकत और पारंपरिक रीति-रिवाजों का अनोखा संगम नजर आया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
तिलक में मिली Defender बनी मुख्य आकर्षण
बारात के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस सजी-धजी Defender कार की रही, जिसे विधायक अनंत सिंह ने तिलक के अवसर पर अपने होने वाले दामाद को उपहार में दिया था। दूल्हा ऋषिकेश कुमार इसी एसयूवी से बारात लेकर निकले, जिससे उनका अंदाज बेहद खास दिखाई दिया। सड़क पर निकलते ही यह गाड़ी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई और समारोह की भव्यता में चार चांद लगा गई।
झारखंडी बैंड की धुन पर थिरके पिता और बाराती
बारात रवाना होते ही उत्सव का रंग और गहरा गया। बिहटा से शुरू हुए जश्न में झारखंड का मशहूर झारखंडी बैंड खास आकर्षण रहा। ढोल-नगाड़ों और बैंड की तेज धुन पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक झूमते नजर आए। इस दौरान सबसे खास पल वह रहा जब दूल्हे के पिता रणविजय कुमार सिंह भी खुद को रोक नहीं पाए और बेटे की बारात में जमकर ठुमके लगाए। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों ने भी पूरे जोश के साथ जश्न मनाया।
परंपरा और दूर-दराज से आए मेहमान
शाही अंदाज के बीच पारंपरिक रस्मों को भी पूरी आस्था के साथ निभाया गया। बारात चलने से पहले मां आशा देवी ने रीति-रिवाज के अनुसार बेटे ऋषिकेश कुमार का परछावन किया, जिससे घर-परिवार में खुशी का माहौल रहा। इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अमेरिका, अहमदाबाद और बिहार के विभिन्न जिलों से मेहमान पहुंचे हैं, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ गई है।
नदावां में होंगे सात फेरे
बिहटा के कृष्णानगर से निकली यह बारात अब मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां पहुंचेगी। वहीं शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत वैवाहिक रस्में पूरी कर सात फेरे लेंगे और जीवनसाथी बनेंगे। फिलहाल डिफेंडर कार, झारखंडी बैंड और पिता के डांस की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।


