रांची. झारखंड हाई कोर्ट में शिक्षक भर्ती और सेवा नियमितीकरण से जुड़े दो अहम मामलों पर बुधवार को बड़ी हलचल देखने को मिली। सहायक आचार्य बहाली में स्नातक स्तर पर संबंधित विषय की लगातार तीन वर्षों तक पढ़ाई करने की शर्त को चुनौती देने वाली याचिका पर अदालत ने बहस पूरी होने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
सहायक आचार्य चयन पर क्या है तकरार?
जस्टिस दीपक रोशन की पीठ ने राजेश मिस्त्री व अन्य उम्मीदवारों की याचिका पर सुनवाई के बाद निर्णय सुरक्षित रखा। दस्तावेज सत्यापन के समय कई अभ्यर्थियों को इस आधार पर नोटिस दिया गया था कि उन्होंने आवेदन वाले विषय की पढ़ाई ग्रेजुएशन में लगातार तीन साल नहीं की है। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने दलील दी कि नियुक्ति नियमावली और विज्ञापन में केवल तीन वर्षीय स्नातक डिग्री की शर्त है तथा संबंधित विषय का पाठ्यक्रम में होना पर्याप्त है, इसलिए केवल दो साल विषय पढ़ने के आधार पर अभ्यर्थियों को बाहर करना गलत है। इसके विपरीत, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने तर्क दिया कि यूजीसी मानकों के अनुसार तीन साल की स्नातक डिग्री में संबंधित विषय की पढ़ाई भी पूरे तीन वर्ष होना अनिवार्य है।
सेवा नियमितीकरण की मांग भी खारिज
दूसरे मामले में चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की खंडपीठ ने तमाड़ स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के सहायक शिक्षक कुलदीप कुमार सेनगुप्ता की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी। वर्ष 1986 में भूगोल शिक्षक के रूप में नियुक्त सेनगुप्ता ने शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण (बीपीएड) को बीएड के समकक्ष मानकर सेवा नियमित करने का आग्रह किया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि बीपीएड और बीएड की योग्यता समान नहीं है, भूगोल के लिए संबंधित विषय में बीएड जरूरी था और विद्यालय के चयन के लगभग एक वर्ष बाद उनकी नियुक्ति होने के कारण आलम कमेटी ने भी नियमितीकरण की सिफारिश नहीं की थी; ऐसे में पुनर्विचार का कोई आधार नहीं बनता।


