लोहरदगा: वीकेंड पर पर्यटन स्थल नेतरहाट की खूबसूरत वादियों का दीदार करने निकले जमशेदपुर के पांच युवाओं की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब उनकी कार लोहरदगा जिले में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना शनिवार सुबह सेन्हा थाना क्षेत्र के बुटी पंचायत अंतर्गत कंडरा स्थित केरा झरिया नदी के समीप घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के साकची इलाके से पांच दोस्त कार (संख्या जेएच-05 डीडी-4549) में सवार होकर नेतरहाट घूमने जा रहे थे। शनिवार सुबह जब उनकी तेज रफ्तार कार केरा झरिया नदी के पास पहुंची, तो चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार पहले सड़क किनारे लगे दिशा संकेत बोर्ड से जोरदार तरीके से टकराई और फिर सीधे बगल के खेत में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलने पर सेन्हा थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना में घायल हुए सभी लोग जमशेदपुर के साकची के निवासी हैं। इनकी पहचान कालिदास वासकी (30), सुमित हांसदा (26), कर्ण महली (25), स्नेह देवी (24) और सोनाली मुर्मू (24) के रूप में की गई है। हादसे में एक युवती को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य चारों को भी अंदरूनी व बाहरी जख्म पहुंचे हैं। गनीमत रही कि इतना भीषण हादसा होने के बावजूद किसी की जान नहीं गई। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


