- सुरक्षा, संवाद और ‘थ्री-आई’ का मंत्र, पत्रकारों ने दिखाई एकजुटता, मंच से उठी सामाजिक सुरक्षा की मांग
जमशेदपुर. बदलते मीडिया परिदृश्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की चुनौतियों और पेशेवर असुरक्षाओं के बीच कोल्हान के पत्रकारों ने एकजुटता और साख बचाने का संकल्प लिया। अवसर था प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह-2026 का। इस मंच ने न केवल पत्रकारों की साझा ताकत और सामूहिक सरोकारों को रेखांकित किया, बल्कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों, दीर्घकालिक सेवा देने वाले कलमकारों, मेधावी बच्चों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित कर पूरे समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
समारोह की शुरुआत गरिमामय वातावरण में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और नव ज्योति विद्या मंदिर, गम्हरिया के विद्यार्थियों के मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। आयोजन के दौरान एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकारों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने की, जबकि महासचिव विकास श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन साहिल अस्थाना और सुगंधा वर्मा ने किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और सम्मानित अतिथि ने पत्रकारों की भूमिका, सामाजिक सुरक्षा और बदलते दौर में भरोसे के संकट पर स्पष्ट और बेबाक विचार रखे।
सामाजिक सुरक्षा और सार्थक संदेश की अपील : विद्युत वरण
मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ समाज को दिशा देने और आईना दिखाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि युद्ध हो या प्राकृतिक आपदा, पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ तथ्यों को लोगों तक पहुंचाते हैं।

ऐसे में पत्रकारों का प्रयास होना चाहिए कि उनकी रिपोर्टिंग से समाज को सार्थक संदेश मिले। सांसद ने लोकसभा में उठाए गए अपने एक प्रश्न का उल्लेख करते हुए जोर दिया कि पत्रकारों को बीमा और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर ठोस कदम उठाने चाहिए।
आलोचनात्मक खबरों को सुधार का अवसर मानें : पूर्णिमा साहू
विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म सत्ता पक्ष और सरकार को जवाबदेह बनाना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आलोचनात्मक खबरों को नकारात्मक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें व्यवस्था और नीतियों में सुधार का अवसर मानना चाहिए। उनके अनुसार, प्रेस और विधायिका के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से सामने आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार की कलम और उसकी निष्पक्षता को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है।
एआई के दौर में ‘थ्री-आई’ से कायम होगा भरोसा : सुंदर रामम
सम्मानित अतिथि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में खबरों की विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि मीडिया में औद्योगिक समूहों और राजनेताओं की मौजूदगी के चलते निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ऐसे माहौल में जनता का भरोसा कायम रखने के लिए पत्रकारों को ‘थ्री-आई’ के सिद्धांत पर काम करना होगा—जिसमें इंडिपेंडेंस (स्वतंत्रता), इंटीग्रिटी (ईमानदारी) और इनोवेशन (नवाचार) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं तीनों मूल्यों को अपनाकर पत्रकारिता अपनी विश्वसनीयता और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाए रख सकती है।
प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान
वरिष्ठ पत्रकार आईके ओझा की अध्यक्षता वाले निष्पक्ष निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर वर्ष 2025-26 के विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रिंट मीडिया : हार्ड व सॉफ्ट न्यूज श्रेणियां
हार्ड न्यूज (‘गंगा प्रसाद कौशल सम्मान’) : प्रभात खबर के मुख्य संवाददाता कुमार आनंद को प्रथम पुरस्कार मिला। द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से प्रभात खबर के वरिष्ठ पत्रकार अशोक झा और हिंदुस्तान के रोहित कुमार रहे। तृतीय पुरस्कार दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के ऋषभ श्रीवास्तव को दिया गया।
सॉफ्ट न्यूज (‘गंगा प्रसाद कौशल सम्मान’) : हिंदुस्तान के रोहित सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। न्यूज धमाका (जादूगोड़ा) के सौरभ कुमार को द्वितीय और प्रभात खबर (गम्हरिया) के उत्तम कुमार को तृतीय पुरस्कार मिला।
इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया
इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया (‘ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ पत्रकार शिरोमणि पुरस्कार’) : न्यूज 18 लोकल के आकाश कुमार को प्रथम, दि फॉलोअप के अभिषेक पीयूष को द्वितीय और फतेह लाइव न्यूज पोर्टल को तृतीय स्थान मिला। दिवंगत पिता की स्मृति में स्थापित यह सम्मान उनके बड़े पुत्र अभिषेक पीयूष ने ग्रहण किया, जो समारोह का भावुक क्षण रहा।
सोशल मीडिया पत्रकारिता : न्यूज टाइम्स के अविनाश शर्मा प्रथम, डेली नेशन के सरफराज साद द्वितीय और अंजान खबर के नितीश सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
फोटो पत्रकारिता और फोटो प्रदर्शनी
फोटो आधारित खबरों के प्रकाशन के लिए ‘राधेश्याम अग्रवाल सम्मान पत्रकार शिरोमणि पुरस्कार’ के तहत दैनिक भास्कर के वरिष्ठ छायाकार सुदर्शन शर्मा ने लगातार तीसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रभात खबर के सूरजन सिंह को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता में भी दैनिक भास्कर के सुदर्शन शर्मा प्रथम, खबर मंत्र के विनय उपाध्याय द्वितीय और दि खबर जंक्शन के सैसब सरकार तृतीय रहे।
स्मृति, दीर्घकालिक सेवा और मेधावी बच्चे
दिवंगत पत्रकार स्मृति सम्मान : वरीय छायाकार स्वर्गीय पार्थो चक्रवर्ती के छोटे भाई मिथुन चक्रवर्ती और मुसाबनी के वरीय पत्रकार स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह की पत्नी गुड्डी देवी को सम्मानित किया गया।
दीर्घकालिक पत्रकारिता सेवा सम्मान : दैनिक जागरण के बसंत सिंह व शशि भूषण पांडेय, हिंदुस्तान के पशुपति मिश्रा व अनीश खान, हिंदुस्तान गम्हरिया के सुधाकर झा और आजाद मजदूर के संतोष कालिंदी को नवाजा गया।
मेधावी बच्चों को प्रतिभा सम्मान : जैक बोर्ड की श्वेता झा, राष्ट्रीय बास्केटबॉल में उपलब्धि हासिल करने वाली अनुष्का कुमारी, आइएससी बोर्ड के राजवीर भाटिया, संगीत व गायिकी में प्रतिभा दिखाने वाले दिव्य रत्न, जेईई में 99 परसेंटाइल हासिल कर आइआइटी खड़गपुर में दाखिला लेने वाले नवल सिंह और क्रिमिनोलॉजी में पीएचडी करने वाली निधि कुमारी सम्मानित किए गए।
चिकित्सक और सहयोगी संस्थाएं
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा सम्मान : डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. आर कुमार, डॉ. कुणाल वर्मा, डॉ. केतन वर्मा, डॉ. शिवानी, डॉ. जे भादुड़ी, डॉ. आरके सिंह, डॉ. सुनील सिंह, डॉ. विजय शंकर प्रसाद, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. रंजन कुमार अग्रवाल और डॉ. सौरव बनर्जी को सम्मानित किया गया। साथ ही दीपक गोस्वामी और आरके फिजियोथेरेपी सेंटर को भी सम्मान मिला।
सहयोगी संस्था एवं विशेष सेवा सम्मान : टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, अनमोल कुमार (अंजान खबर), टीम उन्नति, प्रशांत अग्रवाल (शुभ सावरिया), अरिजीत सरकार (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन), अनामिका श्रीवास्तव (प्रिंसिपल, नव ज्योति विद्या मंदिर), डॉ. संजीव श्रीवास्तव (सचिव, राधेश्याम ट्रस्ट) और सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को सम्मानित किया गया।
गणमान्य लोगों की मौजूदगी ने बढ़ाई गरिमा
समारोह में टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, डीपीआरओ पंचानन उरांव, हिंदुस्तान के संपादक गणेश कुमार मेहता, उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमर सिंह, सीजीपीसी अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी, सतबीर सिंह सोमू, पुतुल सिंह और झारखंड मानवाधिकार संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



स्मृति, दीर्घकालिक सेवा और मेधावी बच्चे