भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली युवा महिला पत्रकार सपना कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद मीडिया जगत और उनके गृह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय सपना कुमारी भोपाल के नीलबड़ इलाके में किराए पर रहकर एक मीडिया संस्थान में नौकरी करती थीं। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह कार्यालय जाने के लिए नीलबड़ के ही एक बाइक टैक्सी राइडर प्रवीण मिश्रा की स्कूटी पर सवार होकर निकली थीं। जब वे भदभदा चौराहे के पास पहुंचे, तो एक डंपर को ओवरटेक करने के बाद सामने मेट्रो की बैरिकेडिंग आ गई।
स्कूटी चालक ने जैसे ही रास्ता बदलने के लिए वाहन मोड़ा, तभी एक अन्य बाइक ने उन्हें कट मार दिया, जिससे असंतुलित होकर स्कूटी सड़क पर गिर गई। स्कूटी से गिरते ही सपना कुमारी पीछे से आ रहे मलबे से भरे 12 पहिया डंपर की चपेट में आ गईं। डंपर का पहिया उनके सिर और हाथ के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टैक्सी राइडर भी घायल हो गया।
पत्रकारिता विश्वविद्यालय से की थी पढ़ाई
मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली सपना कुमारी ने भोपाल स्थित प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पूरी लगन से भोपाल में ही पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थीं। अचानक हुई इस दुर्घटना ने उनके परिजनों और सहकर्मियों को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही कमलानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है और उसके परिवहन संबंधी दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की जा रही है।


