रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में अब कांग्रेस पार्टी खुलकर सामने आ गई है। भवन निर्माण विभाग द्वारा पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का रांची स्थित मकान खाली कराए जाने और उसे एक आईएएस अधिकारी को आवंटित किए जाने के बाद से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व विधायक के सामान बाहर फेंके जाने के विरोध में अंबा प्रसाद अपने सील किए गए आवास के बाहर ही टेंट लगाकर धरने पर बैठ गई हैं।
इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अंबा प्रसाद के समर्थन में उनके आवास के बाहर लगाए गए टेंट में जा पहुंचा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सीधे धरना स्थल पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने टेंट में पहुंचकर अंबा प्रसाद से मुलाकात की और उनके प्रति पार्टी का पूर्ण समर्थन जाहिर किया। इस दौरान सील आवास के बाहर टेंट में ही कांग्रेस नेताओं का बड़ा जमावड़ा लगा रहा।
इस मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। राजनीतिक चर्चाओं और सरकार के खिलाफ विरोध के बीच नेताओं ने टेंट में ही बैठकर पारंपरिक लिट्टी-चोखा का नाश्ता किया। जानकारों का मानना है कि पार्टी के शीर्ष पदाधिकरियों का इस तरह खुले तौर पर धरना स्थल पर पहुंचना और अपनी ही गठबंधन सरकार के नुमाइंदों के खिलाफ आवाज बुलंद करना झारखंड की राजनीति में एक बड़ा संदेश देता है।
यह पूरा मामला प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक अधिकारों के बीच खींचतान का रूप लेता जा रहा है, जहां कांग्रेस पार्टी अब पूरी मजबूती के साथ अपनी पूर्व विधायक के साथ खड़ी नजर आ रही है।


