रांची. झारखंड हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में स्पष्ट किया है कि यदि पत्नी किसी अन्य पुरुष से बातचीत करती है, तो उसके चरित्र पर सवाल उठाना या उस पर अवैध संबंध का आरोप लगाना पति की संकीर्ण और लिंग-आधारित रूढ़िवादी मानसिकता को दर्शाता है।
अदालत ने कहा कि इस तरह के बेबुनियाद आरोप पत्नी के प्रति ‘मानसिक क्रूरता’ की श्रेणी में आते हैं। इसके साथ ही, हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए पति की तलाक की अपील को खारिज कर दिया।
यह पूरा मामला बेरमो (बोकारो) स्थित तेनुघाट फैमिली कोर्ट के 30 नवंबर 2023 के फैसले के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में आया था। पति-पत्नी की शादी 30 अप्रैल 2005 को हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पति ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी उससे दूरी बनाकर रखती थी और अक्सर झगड़ा करती थी।
पति का मुख्य आरोप यह था कि पत्नी उसके मोबाइल फोन से किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत करती थी, जिससे उसका अवैध संबंध है। इसी आधार पर उसने 15 अप्रैल 2015 को पत्नी द्वारा घर छोड़ने का हवाला देते हुए तलाक की मांग की थी।
दूसरी ओर, पत्नी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पति पर प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था। साथ ही, उसने पति पर भी अपनी महिला सहकर्मी के साथ अवैध संबंध होने का दावा किया था।
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि केवल किसी पुरुष से बातचीत करने या दोस्त होने के आधार पर पत्नी के चरित्र पर संदेहास्पद टिप्पणी करना या व्यभिचार का झूठा आरोप मढ़ना स्वीकार्य नहीं है।
हालांकि, अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि यदि पत्नी भी बिना पुख्ता साक्ष्य के पति पर ऐसे ही आरोप लगाए, तो वह भी मानसिक क्रूरता मानी जाएगी। इस प्रकार, साक्ष्यों और परिस्थितियों का बारीकी से अध्ययन करने के बाद अदालत ने पति की याचिका को खारिज कर दिया।


