चाईबासा. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म (Rape) किया गया और फिर बेरहमी से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या (Murder) कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमाय गागराई को दबोच लिया है।
कैसे हुआ इस वीभत्स कांड का खुलासा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 नवंबर की है। मृतका रोजाना की तरह घर के बाहर खेलने निकली थी, लेकिन जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। अन्य बच्चों से पूछताछ के दौरान पता चला कि बच्ची को जंगल की तरफ जाते हुए देखा गया था। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को यह भी पता चला कि गांव का ही रहने वाला रमाय गागराई अपने घर से गायब है। जब उसके भाई से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि रमाय पास के ही गांव बनाईकेड़ा गया हुआ है।
इसके बाद बच्ची के मामा और करीब 10 ग्रामीण बनाईकेड़ा पहुंचे और आरोपी रमाय गागराई से पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को पास के ही जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने शव किया बरामद
ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना तुरंत गांव के मुंडा को दी, जिन्होंने बिना देर किए मुफस्सिल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से बच्ची का शव बरामद कर लिया है। शव को सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया, जहाँ पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
इस अमानवीय घटना ने एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था और महिला-बाल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


