Jamshedpur. जीएसटी में गड़बड़ी और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. ईडी की टीम जमशेदपुर में तीन और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक ठिकाने पर तलाशी अभियान चला रही है.
मामला जमशेदपुर के उद्योगपति ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, उनके लेखाकार और अन्य संबंधित लोगों से जुड़ा बताया जा रहा है. जांच के अनुसार, आरोप है कि ऐसी संस्थाओं से खरीद के फर्जी चालान लिए गए, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं था। इन चालानों के आधार पर बिना माल की वास्तविक आपूर्ति के आईटीसी का लाभ लेने का आरोप है. ईडी की टीम चारों परिसरों में दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन ईडी के समक्ष पेश
पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन दुर्गा पूजा के प्रीव्यू शो आयोजित करने और पास की बिक्री में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बुधवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए. ईडी ने इस मामले की जांच के तहत मंगलवार को सेन और अन्य लोगों से जुड़े 15 ठिकानों पर तलाशी ली थी.
पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सेन सुबह दस बजकर 45 मिनट पर कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे.सेन इससे पहले अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार कर चुके हैं.


