Strictness in railway rules from October 1. यदि आप अक्टूबर के महीने में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो केवल कन्फर्म टिकट जेब में रखना ही काफी नहीं होगा. सेंट्रल रेलवे 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक एक विशेष और व्यापक टिकट चेकिंग अभियान चलाने जा रहा है. इस दौरान टिकट निरीक्षकों (TTE) की टीमें यात्रियों के पास मौजूद टिकटों की वैधता के साथ-साथ उनकी पात्रता और पहचान से जुड़े ओरिजिनल दस्तावेजों की भी गहन जांच करेंगी. हालांकि यह नियम पुराना है लेकिन अब इसमें सख्ती बरते जाने की तैयारी है.
क्यों शुरू किया जा रहा है यह विशेष चेकिंग अभियान?
रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य फर्जीवाड़े पर लगाम लगाना, रेलवे राजस्व के नुकसान को रोकना और आरक्षित कोटों के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाना है. अक्सर देखा जाता है कि रियायती दरों या विशेष कोटे के टिकटों का गलत इस्तेमाल किया जाता है. इसे पूरी तरह बंद करने के लिए ही यह अभियान चलाया जा रहा है.
इन यात्रियों के लिए पहचान पत्र और पात्रता दस्तावेज अनिवार्य
यदि आपने नीचे दी गई श्रेणियों में से किसी के तहत टिकट लिया है, तो यात्रा के दौरान आपके पास वैध ओरिजिनल आईडी और सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट होना अनिवार्य है:
- कंसेशन और विशेष कोटा टिकट: दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक या अन्य किसी रियायती कोटे से टिकट बुक कराने वाले यात्री.
- ई-पास (E-Pass) और पीटीओ (PTO): रेलवे कर्मचारियों और पूर्व कर्मचारियों के लिए जारी होने वाले प्रिविलेज टिकट ऑर्डर पर यात्रा करने वाले लोग. यात्रा से पहले ई-पास या पीटीओ को नियमानुसार एक्सचेंज कराना अनिवार्य है.
- समूह में यात्रा: यदि एक टिकट पर एक से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं, तो उनमें से कम से कम एक व्यक्ति के पास रेलवे नियमानुसार ओरिजिनल आईडी होना अनिवार्य है.
ओरिजिनल दस्तावेज न होने पर लगेगा जुर्माना
जांच के दौरान यदि किसी यात्री के पास तय ओरिजिनल पहचान पत्र या पात्रता प्रमाणपत्र नहीं मिलता है, तो उसे बिना टिकट (Ticketless Travelling) माना जाएगा. ऐसी स्थिति में रेलवे के नियमों के तहत भारी जुर्माना या नया पूर्ण किराया वसूला जा सकता है.
- यात्रा के लिए मान्य 9 प्रमुख पहचान पत्र (Original ID)
आधार कार्ड - वोटर फोटो आईडी कार्ड
- पासपोर्ट
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र
- मान्यता प्राप्त संस्थान का छात्र फोटो पहचान पत्र
- फोटोयुक्त राष्ट्रीयकृत बैंक पासबुक
- लैमिनेटेड फोटो वाला क्रेडिट कार्ड
अनारक्षित (General) टिकटों की भी होगी चेकिंग
आरक्षित श्रेणियों के अलावा अनारक्षित डिब्बों और जनरल टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की भी चेकिंग की जाएगी. रेलवे टीटीई अब विशेष ‘TTE App’ का इस्तेमाल कर रियल-टाइम डेटा के जरिए टिकटों की प्रामाणिकता की जांच करेंगे. इसलिए सफर शुरू करने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखना सुनिश्चित करें.



