कोलकाता. दक्षिण पूर्व रेलवे सेंट्रल अस्पताल, गार्डन रिच के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से 29 सितंबर 2026 को ‘विश्व हृदय दिवस’ (World Heart Day) अत्यंत उत्साह और जन-जागरूकता के साथ मनाया गया. इस वर्ष का मुख्य विषय “डोंट मिस ए बीट” (Don’t Miss A Beat) रखा गया, जो वर्तमान समय में दिल की बीमारियों के प्रति समय रहते सतर्क होने का एक कड़ा संदेश देता है. अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता, रेलवे कर्मियों और युवा पीढ़ी के बीच हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था.
दिल की देखभाल को रखे दैनिक जीवन में सबसे ऊपर : डॉ. झा
कार्यक्रम के दौरान कार्डियोलॉजी विभाग के अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य निदेशक (Addl. Chief Health Director) डॉ. विजय नारायण झा (Dr. Bijay Narayan Jha) ने सभी वरिष्ठ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीशियनों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि दिल की सेहत की देखभाल हमारे दैनिक जीवन की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर होनी चाहिए.

डॉ. झा के नेतृत्व में कार्यक्रम के तहत एक विशेष मानवीय पहल की गई, जिसके अंतर्गत प्राइवेट आयाओं और मरीजों के अटेंडेंट्स के लिए मुफ्त कार्डियोलॉजी चेक-अप शिविर लगाया गया. सीवी क्लिनिक (CV Clinic) में 25 से अधिक प्राइवेट आयाओं और अटेंडेंट्स की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें उनका ब्लड प्रेशर (BP), ईसीजी (ECG), शुगर स्तर की जाँच और उचित चिकित्सीय परामर्श शामिल था. इस संवेदनशील और सराहनीय पहल से लाभान्वित सभी लोग बेहद संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए.
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. के. श्रीकुमार ने दिये स्वस्थ्य टिप्स
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. के. श्रीकुमार ने स्वस्थ हृदय के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि दिल की बीमारियों से बचाव और रोकथाम के लिए नियमित सैर (Regular Walk), संतुलित आहार (Balanced Diet), पर्याप्त नींद (Adequate Sleep) और तनाव नियंत्रण (Stress Control) सबसे महत्वपूर्ण चार स्तंभ हैं.
उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हृदय रोग अक्सर छुपे हुए रूप में शरीर को प्रभावित करते हैं, इसलिए समय रहते इसके लक्षणों को पहचानना जरूरी है.
युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा और अन्य गतिविधियां
कार्यक्रम के एक अन्य विशेष सत्र में युवा छात्रों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई. इस दौरान निम्नलिखित बातों पर विशेष फोकस किया गया.
- डिजिटल सनसेट और नींद: रात के समय सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने और कम से कम 7 घंटे की गहरी नींद लेने की सलाह.
- खान-पान और आदतें: कोला या अन्य कोल्ड ड्रिंक्स के बजाय पानी को प्राथमिकता देना.
- दैनिक आदतें: रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलना, डीप ब्रीथिंग्स (गहरी सांस लेने का अभ्यास) करना.
- नियंत्रण: ब्लड प्रेशर, शुगर, मोटापा और तनाव को नियंत्रण में रखना तथा अपने शारीरिक स्वास्थ्य के आंकड़े (Know your numbers) हमेशा याद रखना.
इस सत्र में कुछ हृदय रोगियों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे दूसरों को प्रेरणा मिली. कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, “अपने दिल की रक्षा करें, हर दिल की देखभाल करें” (Protect your heart. Care for every heart).
इस सफल आयोजन में डॉ. अनिंदा बेरा, डॉ. मुक्ता मंडल, डॉ. प्रियंका मंडल, डॉ. प्रमित साहा, नर्सिंग स्टाफ और अन्य तकनीशियनों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया.



