Ranchi. देशभर की पुलिसिंग कार्यप्रणाली को लेकर जारी हालिया रैंकिंग में झारखंड का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। इस राष्ट्रीय मूल्यांकन में झारखंड 32वें पायदान पर फिसल गया है, जहाँ राज्य को कुल 56.08 अंक मिले हैं। यह आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि आधुनिक पुलिसिंग, तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक सुधारों के मोर्चे पर झारखंड पुलिस को अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। हालांकि, इस कमजोर प्रदर्शन के बीच सिमडेगा जिले ने बेहतरीन अंक हासिल कर राज्य पुलिस की साख बचाई है, जबकि पलामू जिले का लचर प्रदर्शन चिंता का बड़ा कारण बन गया है।
रैंकिंग के विश्लेषण से पता चलता है कि सिमडेगा पुलिस ने कुल 64.74 अंक हासिल कर राज्य में सबसे शानदार प्रदर्शन किया है।
रैंकिंग के यह चौंकाने वाले आंकड़े सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय पूरी तरह रेस हो गया है।
मुख्यालय स्तर पर सभी जिलों के प्रदर्शन की गहन समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई, जिसमें विशेष रूप से सिमडेगा और पलामू के एसपी को शामिल होने के निर्देश दिए गए। राज्य का 32वें पायदान पर होना यह साफ संकेत देता है कि झारखंड पुलिस को अपनी रफ्तार और कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की सख्त जरूरत है।


