
Jamshedpur. जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको सिग्नल चौक के पास एक सड़क हादसा हुआ. रविवार देर शाम को हाइवा ने स्कूटी सवार पिता- पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में पिता की मौत हो गयी है. जबकि स्कूटी पर सवार बेटा गंभीर रुप से घायल है. बाद में उसकी भी मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर लोगो की भीड़ जुट गयी. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टिप ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पिता की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल टिप ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।



