Ranchi. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक से जुड़े एक उर्दू दैनिक अखबार के खिलाफ धन शोधन की जांच के सिलसिले में सोमवार को कोलकाता, दिल्ली और रांची में कई ठिकानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हक (56) अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं, जो ‘अखबार-ए-मशरिक’ नामक उर्दू दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन करती है। वह एक पत्रकार और व्यवसायी भी हैं। ईडी की कार्रवाई पर हक या तृणमूल की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह जांच अखबार के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री का प्रकाशन और प्रसार किए जाने के आरोपों से जुड़ी है। इसके अलावा, बेहिसाब नकद लेन-देन और संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाले वित्त पोषण के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
कोलकाता, दिल्ली और झारखंड के रांची में करीब सात परिसरों की तलाशी ली गयी है। अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज ईडी का मामला बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी से जुड़ा है।
उर्दू दैनिक अखबार ने अपनी वेबसाइट पर लिखा है, ‘‘अखबार-ए-मशरिक सिर्फ एक अखबार नहीं है। यह चार दशकों से चली आ रही ऐसी विरासत है, जो बेबाक पत्रकारिता, तकनीकी नवाचार और अपने पाठकों के प्रति निरंतर समर्पण का प्रतीक है।’’


