- 2.09 किलोग्राम सोना (कीमत 4 करोड़ रुपये) और 52.02 लाख रुपये के बैंक डिपॉजिट का चला पता
हैदराबाद. सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी फैल चुकी हैं, इसका एक सनसनीखेज उदाहरण तेलंगाना से सामने आया है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (REDCO) के डिविजनल इंजीनियर मुत्यम वेंकट रमना को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है.
अधिकारियों ने जब रमना के ठिकानों पर दबिश दी, तो वहां मिली अकूत संपत्ति देखकर खुद जांच टीम भी हैरान रह गई. कागजों में दर्ज संपत्ति की कीमत भले ही 27.65 करोड़ रुपये आंकी गई हो, लेकिन रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार इस काली कमाई का बाजार मूल्य 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच है.
पत्नी के नाम 4 कंपनियां, 10 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश
ACB की जांच में खुलासा हुआ कि सरकारी इंजीनियर ने भ्रष्टाचार के पैसे को सफेद करने के लिए अपनी पत्नी के नाम पर 4 कंस्ट्रक्शन कंपनियां बना रखी थीं. इन फर्मों के जरिए रियल एस्टेट में भारी-भरकम रकम खपाई जा रही थी. मूसापेट और अंजनेया नगर में करीब 10 रेजिडेंशियल अपार्टमेंट डेवलप किए जा रहे थे, जिनमें अकेले 20 करोड़ रुपये से अधिक के शुरुआती निवेश के सबूत मिले हैं.
तलाशी में क्या-क्या बरामद हुआ?
हैदराबाद, सेरिलिंगमपल्ली और कुकटपल्ली सहित 8 ठिकानों पर एक साथ की गई छापेमारी में ACB को कई चौंकाने वाली संपत्तियां मिलीं:
- सोना और नकदी: 2.09 किलोग्राम सोना (कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये) और 52.02 लाख रुपये के बैंक डिपॉजिट.
- लग्जरी गाड़ियां और सामान: 45 लाख रुपये मूल्य की तीन गाड़ियां, 30 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स व घरेलू सामान, और लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य की 20 बोतल महंगी शराब.
- कमर्शियल व रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज: कुकटपल्ली और सेरिलिंगमपल्ली में 4 बहुमंजिला फ्लैट्स. इसके अलावा अंजनेया नगर में 160 स्क्वायर यार्ड में बनी G+3 कमर्शियल बिल्डिंग और गुट्टाला बेगमपेट में 250 स्क्वायर यार्ड की G+5 कमर्शियल बिल्डिंग.
2019 में 25 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया था
मुत्यम वेंकट रमना का विवादों और भ्रष्टाचार से पुराना नाता रहा है. इससे पहले 12 दिसंबर 2019 को ACB ने उसे हैदराबाद के साइबर सिटी सर्कल में बतौर डिविजनल इंजीनियर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. उस दौरान हुई छापेमारी में भी 26.52 लाख रुपये कैश और 22.60 लाख रुपये का सोना जब्त हुआ था. चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद रमना का रिश्वतखोरी का नेटवर्क लगातार फलता-फूलता रहा.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
ACB अधिकारियों का कहना है कि प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को स्पेशल ACB कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. जांच एजेंसी अब आरोपी के वित्तीय लेन-देन, बेनामी संपत्तियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
- 25 हजार की घूस से 150 करोड़ का साम्राज्य, तेलंगाना में REDCO का ‘धनकुबेर’ इंजीनियर गिरफ्तार, ACB छापे में खुला बेनामी नेटवर्क - July 23, 2026
- अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला: जल्द नियुक्त होंगे नए सचिव और प्रवक्ता, अगले महीने होगा CEO का चयन - July 23, 2026
- NEET विवाद के बीच PM मोदी का बड़ा फैसला: पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए बनेंगे फास्ट-ट्रैक कोर्ट - July 23, 2026





