- सरकारी आदेश: एडीएम कार्यालय ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर अधिसूचना जारी की.
राउरकेला. ओडिशा के प्रमुख औद्योगिक शहर राउरकेला की पहचान में एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है. शहर के अंग्रेजी नाम की स्पेलिंग को आधिकारिक रूप से बदल दिया गया है. अब से सभी सरकारी और प्रशासनिक दस्तावेजों में इस शहर का नाम ‘ROURKELA’ के बजाय ‘RAURKELA’ लिखा जाएगा.
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) कार्यालय, राउरकेला द्वारा 21 जुलाई को इस संबंध में अधिसूचना (संख्या 2832) जारी की गई है. यह फैसला ओडिशा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है.
क्या बदला और कहां लागू होगा नियम?
इस प्रशासनिक निर्णय के तहत अंग्रेजी के ‘O’ अक्षर को हटाकर उसकी जगह ‘A’ को आधिकारिक रूप से मान्यता दी गई है.
- सरकारी रिकॉर्ड: भविष्य में तैयार होने वाले सभी सरकारी पत्राचार, गजट, दस्तावेज, रिपोर्ट और अधिसूचनाओं में अब ‘RAURKELA’ का ही इस्तेमाल अनिवार्य होगा.
- साइनबोर्ड और बोर्ड्स: शहर भर में लगे सभी सरकारी साइनबोर्ड, मुख्य प्रवेश द्वारों और दिशा-सूचक पट्टियों पर भी अब नई स्पेलिंग अपडेट की जाएगी.
स्थानीय प्रशासन ने राउरकेला के सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है ताकि सरकारी काम-काज और पत्राचार में एकरूपता बनी रहे.


