नई दिल्ली: चिकित्सा जगत के क्षेत्र में भारत एक नया मील का पत्थर छूने जा रहा है। राजधानी दिल्ली में आगामी 20 नवंबर से तीन दिवसीय एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इस महाकुंभ का मुख्य केंद्र रोबोटिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित हृदय और छाती की आधुनिक सर्जरी तकनीक होगा।
दुनिया भर के 1200 विशेषज्ञ लेंगे हिस्सा
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 30 से अधिक देशों से लगभग 1200 दिग्गज मेडिकल एक्सपर्ट्स हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें करीब 300 विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल हैं। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू करेंगे।
इस तीन दिवसीय महामंथन में ‘सोसायटी आफ मिनिमली इनवेसिव कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जन्स ऑफ इंडिया’ (SMICTSI) की 10वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस के साथ ‘एशियन एसोसिएशन आफ थोरेसिक एंड कार्डियोवस्कुलर सर्जन्स’ की 34वीं वार्षिक कांग्रेस संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। इसके अलावा, इंटरनेशनल कोरोनरी कांग्रेस और इंटरनेशनल सोसायटी फार मिनिमली इनवेसिव कार्डियोथोरेसिक सर्जरी भी इसमें विशेष तौर पर सहयोग कर रही हैं।
आधुनिक तकनीकों और लाइव सर्जरी का प्रदर्शन
सम्मेलन के दौरान रोबोटिक तकनीक के जरिए हृदय की जटिल सर्जरी, दूरबीन विधि से वाल्व बदलने की आधुनिक प्रक्रिया, बाईपास सर्जरी और चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते उपयोग पर गहन चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों के जटिल मामलों पर विचार-विमर्श करने के साथ-साथ लाइव सर्जरी का प्रदर्शन भी इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. युगल के मिश्र और संरक्षक डॉ. नरेश त्रेहन के मार्गदर्शन में हो रहे इस ऐतिहासिक सम्मेलन में दुनिया भर की 40 से अधिक प्रमुख चिकित्सा उपकरण निर्माता कंपनियां भी अपनी अत्याधुनिक तकनीकों और उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन से भारत में अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों के विस्तार को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।


