पटना. सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पटना के बापू सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य की धरती पर देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस घोषणा से पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है।
अमित शाह को बताया ‘दूसरा लौह पुरुष’
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने देश को पूरी तरह से नक्सल मुक्त बनाने के उनके संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देश का ‘दूसरा लौह पुरुष’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की तरह ही अमित शाह भी देश की आंतरिक सुरक्षा और अखंडता के लिए कड़े और ऐतिहासिक निर्णय ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य भारत को केवल ‘सोने की चिड़िया’ नहीं, बल्कि एक ऐसा ‘सोने का शेर’ बनाना है, जिसकी गूंज और ताकत पूरी दुनिया में महसूस हो। इस गरिमामयी कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान मंच पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत, कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी, मंत्री रामकृपाल यादव, मंत्री शीला मंडल और भगवान सिंह कुशवाहा समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
विकसित बिहार और मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं
समारोह में राज्य के विकास और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ और ‘समृद्ध बिहार’ का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब डॉक्टरों द्वारा बिना किसी ठोस कारण के मरीजों को सीधे पटना (पीएमसीएच या आईजीआईएमएस) रेफर करने की पुरानी व्यवस्था को समाप्त किया जा रहा है। जिला और अनुमंडल अस्पतालों में अब अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जहां पहले एक हजार ऑपरेशन भी नहीं होते थे, वहां अब 52 प्रकार के कुल 20 हजार से अधिक सफल ऑपरेशन हो रहे हैं। सरकार का आगामी लक्ष्य हर महीने एक लाख मरीजों के ऑपरेशन का है, ताकि अगले चार वर्षों में बिहार स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन सके।


