राज्यभर में तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि संबंधित परिवार के सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हैं या नहीं.
रांची. झारखंड में मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया तीव्र गति से जारी है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्यभर में नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न आवेदनों का बड़े पैमाने पर डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर लिया गया है. इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने, हटाने या सुधार कराने के लिए 31 अक्टूबर 2026 की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.
प्रमुख आंकड़े और आवेदन की स्थिति
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न फॉर्म्स के माध्यम से अब तक कुल 13,81,720 आवेदनों को सफलतापर्वूंक डिजिटल रूप दिया जा चुका है:
- फॉर्म-6 (नए मतदाताओं का पंजीकरण): इस श्रेणी में सबसे अधिक 8,29,921 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं, जो नए मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है.
- फॉर्म-6ए (प्रवासी मतदाताओं के लिए): इसके तहत कुल 119 आवेदन दर्ज किए गए हैं.
- फॉर्म-7 (नाम विलोपन व आपत्तियां): सूची से नाम हटाने या आपत्तियां दर्ज कराने से संबंधित 21,102 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
- फॉर्म-8 (विवरण सुधार व स्थानांतरण): प्रविष्टि में संशोधन, पता बदलने या अन्य विवरणों को अपडेट करने के लिए 5,30,578 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं.
बीएलओ (BLO) की सक्रिय भूमिका और सत्यापन प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जानकारी दी है कि राज्यभर में तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि संबंधित परिवार के सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हैं या नहीं.
सत्यापन के दौरान यदि कोई मतदाता अपने पते पर अनुपस्थित पाया जाता है, तो बीएलओ द्वारा फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित किया जा रहा है. कई बार मतदाता अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे संवाद स्थापित करने में बाधा आती है और रिकॉर्ड अद्यतन करने में कठिनाई होती है. आयोग ने अपील की है कि नागरिक बीएलओ की कॉल को रिसीव करें और विवरण सुधार में सहयोग दें.
ईसीआईनेट (ECINet) ऐप का लें उपयोग
प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ईसीआईनेट ऐप के प्रयोग पर विशेष जोर दिया है. इस ऐप के जरिए नागरिक अपने संबंधित बीएलओ का मोबाइल नंबर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं:
- अपने स्मार्टफोन में ईसीआईनेट ऐप खोलें.
- बीएलओ से संपर्क करने से जुड़े विकल्प का चयन करें.
- अपना विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र से जुड़ी जानकारी दर्ज करें.
इसके बाद बीएलओ की संपर्क जानकारी आपकी स्क्रीन पर आ जाएगी, और आप “बुक अ कॉल विद बीएलओ” विकल्प का भी उपयोग कर सकते हैं.
निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से आह्वान किया है कि वे समय सीमा यानी 31 अक्टूबर से पहले अपने बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क कर मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो.


