Jamshedpur. जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता साबित की है। सदन में निरंतर उपस्थिति, विधायी सक्रियता और जनसरोकार के प्रश्नों को उठाने के मामले में उन्हें लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न पुरस्कार’ से नवाजा गया है। लगातार पांचवीं बार यह ऐतिहासिक सम्मान मिलने पर सांसद बिद्युत बरण महतो ने इसे जमशेदपुर की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके व्यक्तिगत प्रयास से अधिक जमशेदपुर की देवतुल्य जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम हॉल में आयोजित गरिमामयी समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बिद्युत बरण महतो को यह पुरस्कार दिया।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। इस वर्ष कुल 10 लोकसभा सांसदों, 2 राज्यसभा सदस्यों और 4 संसदीय स्थायी समितियों को इस सम्मान के लिए चुना गया। समारोह में बिद्युत महतो के अलावा सांसद जगदंबिका पाल, निशिकांत दुबे, पी. पी. चौधरी, एकनाथ शिंदे सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं कृषि, वित्त, ग्रामीण विकास और कोयला एवं खान से जुड़ी संसदीय समितियों को उनके उत्कृष्ट कामकाज के लिए पुरस्कृत किया गया।


